ऊधम सिंह नगर में जमीन विवाद बना जानलेवाः भाई ने भाई को मारी गोली! अस्पताल पहुंचने से पहले बुजुर्ग की मौत, गांव में फैली सनसनी
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां बकेनिया सकेनिया गांव में जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस विवाद में 60 वर्षीय सर्वेश्वर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिजनों में शोक की लहर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वेश्वर सिंह का अपने ही परिवार के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बीती रात यह विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि उनके ही भाई सर्वजीत सिंह ने गुस्से में आकर उन पर गोली चला दी। गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए रुद्रपुर भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर और अधिक स्पष्टता आएगी। गदरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाठक के अनुसार प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद ही घटना की मुख्य वजह सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के हर पहलू की सच्चाई सामने लाई जा सके। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय हो गई है।