उत्तराखण्ड में हनीट्रैप का खौफनाक खेल उजागरः महिलाओं के जाल में फंसाकर सुनसान जगह बुलाते थे शिकार! मारपीट कर बनाते थे अश्लील वीडियो और करते थे लूटपाट, 6 आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने हनीट्रैप कर लूट, डकैती और ब्लेकमेल की वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का खुलासा किया है। नानकमत्ता पुलिस ने इस गिरोह के छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह महिलाओं के माध्यम से लोगों को फोन कर अपने जाल में फंसाता था और फिर सुनसान स्थान पर बुलाकर उन्हें बंधक बनाकर मारपीट करते हुए लूटपाट करता था। इतना ही नहीं आरोपी पीड़ितों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर बड़ी रकम की फिरौती भी मांगते थे। घटना 14 मार्च 2026 की रात की है, जब पीड़ित को महिलाओं ने फोन पर मीठी-मीठी बातों में फंसाकर मिलने के बहाने नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छी झाला इलाके में बुलाया। जैसे ही पीड़ित अपनी हुंडई आई-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे गिरोह के सदस्यों ने उसे घेर लिया और कार से उतारकर भड़ाभुड़िया स्थित एक मकान में बंधक बना लिया। वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 मार्च को मुखबिर की सूचना पर डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान सामने से आती एक हुंडई आई-10 कार को रोककर जांच की गई, जिसमें दो पुरुष तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू और दो महिलाएं गुरमीत कौर, सीमा कौर सवार थे। पीड़ित द्वारा पहचान करने पर चारों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाद में दो अन्य आरोपियों रमन सिंह, गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल को भी नानकमत्ता के वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हुंडई आई-10 कार, करीब 9750 रुपये नकद, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड, दस्तावेज, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य भी एकत्रित किए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और इसके कई सदस्यों पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लूट, डकैती, अवैध शराब, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट समेत कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह कोतवाली नानकमत्ता का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, जिस पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।