पंतनगर विश्वविद्यालय में मेधावियों का मेला: 1395 विद्यार्थियों को मिलीं डिग्रियां,स्वर्ण पदकों से चमके चेहरे

A Gathering of Achievers at Pantnagar University: 1,395 Students Awarded Degrees; Faces Shine with Gold Medals

रुद्रपुर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर का 37वां दीक्षांत समारोह बुधवार को शुरू हो गया। समारोह में 1395 सफल विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट उपाधियां प्रदान की जाएंगी। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सीनियर लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) और कृषि मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंच चुके हैं। दोनों नेता कुछ देर में विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे।

समारोह में कुल 35 पदक वितरित किए जाएंगे, जिसमें 13 स्वर्ण पदक, 12 रजत पदक और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। ये पदक विश्वविद्यालय के सर्वोत्तम स्नातकों को दिए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर सांसद अजय भट्ट, कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान समेत विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षकगण भी मौजूद हैं। दीक्षांत समारोह कृषि, प्रौद्योगिकी और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। पंतनगर विश्वविद्यालय लंबे समय से कृषि शिक्षा और अनुसंधान का प्रमुख केंद्र रहा है। इस दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अब राज्य के साथ-साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों में कृषि, उद्योग और शोध के क्षेत्र में योगदान देंगे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के परिश्रम, समर्पण और माता-पिता के त्याग को भी याद किया जाएगा। मुख्य अतिथि राज्यपाल गुरमीत सिंह और कृषि मंत्री गणेश जोशी विद्यार्थियों को संबोधित कर उनके भविष्य के लिए प्रेरणा देंगे। यह दीक्षांत समारोह पंतनगर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दोहराता है और नए स्नातकों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।