महिला दरोगा ने ससुर पर दुष्कर्म, पति पर जानलेवा हमले का लगाया आरोप! पीड़िता ने थाने के बाहर रो-रो कर लगाई न्याय की गुहार

A female police officer accused her father-in-law of rape and her husband of attempted murder. The victim wept and pleaded for justice outside the police station.

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर दुष्कर्म तथा पति पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिसके विरोध में वह अपने परिजनों और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गईं और प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, वर्तमान में प्रयागराज में तैनात महिला दरोगा की शादी पिछले वर्ष लखनऊ के पारा क्षेत्र निवासी एक युवक से हुई थी। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उन्हें कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणियां कर प्रताड़ित करते थे तथा नौकरी छोड़ने का दबाव भी बना रहे थे। महिला दरोगा ने आरोप लगाया कि उनके ससुर ने उनके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उन्हें चूहे मारने की दवा खिलाकर नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी किया गया। पीड़िता का कहना है कि जब उनके पिता ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें हथियार दिखाकर धमकाया।

महिला का आरोप है कि चार दिन पहले पुलिस को शिकायत देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर वह अपने परिजनों और किसान यूनियन के समर्थकों के साथ थाने पहुंचीं, जहां करीब दो घंटे तक हंगामा और प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन के दौरान महिला दरोगा पुलिस कर्मियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए बेहोश हो गईं। मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला दरोगा की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, ससुर ने भी अपनी बहू के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और विवेचना के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।