यूट्यूबर मानसी की संदिग्ध मौत से मचा बवाल! परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, ‘योगी जी न्याय दो’ के नारों के साथ हजारों लोग सड़कों पर उतरे

YouTuber Mansi's suspicious death sparks uproar! Family alleges dowry death; thousands take to the streets, chanting "Yogi, give us justice!"

कानपुर। कानपुर की रहने वाली चर्चित यूट्यूबर मानसी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने उत्तर प्रदेश में सनसनी फैला दी है। 30 मई को लखनऊ के शहादतगंज स्थित ससुराल में मानसी का शव फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर कानपुर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनके पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इतना ही नहीं, उनकी शिकायत के बावजूद हत्या का मुकदमा दर्ज करने में भी गंभीर लापरवाही बरती गई। इसी नाराजगी के चलते कानपुर के बाबूपुरवा क्षेत्र में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। जानकारी के अनुसार, मानसी की शादी करीब दो वर्ष पहले लखनऊ निवासी यूट्यूबर सागर से हुई थी। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही मानसी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। 30 मई को परिजनों को सूचना मिली कि मानसी ने कथित रूप से फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग कानपुर से लखनऊ पहुंचे, लेकिन तब तक पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया तो उन्होंने शरीर पर कई संदिग्ध चोटों के निशान होने का दावा किया। मृतका के चाचा अमन राजपूत सहित अन्य रिश्तेदारों का आरोप है कि मानसी के शरीर और पैरों पर गंभीर घाव दिखाई दिए। परिवार का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां भी कई सवाल खड़े करती हैं। परिजनों के अनुसार, जिस स्थिति में शव मिला, उसे देखकर उन्हें आत्महत्या की कहानी पर संदेह हुआ। उनका आरोप है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।

पति पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के परिवार ने मानसी के पति सागर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि सागर के किसी अन्य युवती के साथ संबंध थे और वह युवती अक्सर घर आती.जाती थी। परिवार का आरोप है कि मानसी इस बात का विरोध करती थी, जिसके चलते उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि दहेज उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों के कारण मानसी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया।

कानपुर में प्रदर्शन, न्याय की मांग
घटना से आक्रोशित लोगों ने कानपुर में बाबूपुरवा थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शव रखकर जाम लगाया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बाद में मानसी की अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने ‘योगी जी न्याय दो’ और ‘हत्यारों को फांसी दो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर लेकर श्मशान घाट तक मार्च किया।

पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी लिखित शिकायत के बावजूद पुलिस ने तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया। उनका कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार का आरोप है कि अब तक केवल एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए व्यापक जांच जरूरी है।