ये कैसा रिश्ताः उत्तराखण्ड में विवाहिता और नाबालिग किशोरी के बीच प्रेम-प्रसंग! साथ रहने की जिद पर कोतवाली में हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस और परिजन हैरान

What kind of relationship is this? A love affair between a married woman and a minor girl in Uttarakhand! Their insistence on living together sparks high-voltage drama at the police station, baffling

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां एक 28 वर्षीय विवाहिता और 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के बीच प्रेम संबंध इतना गहरा हो गया कि दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। परिजनों के विरोध और सामाजिक दबाव के बीच मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने काली नदी में कूदकर जान देने की कोशिश तक कर डाली। हालांकि समय रहते पुलिस और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बचा लिया। मामला नेपाल सीमा से लगे झूलाघाट क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता वर्तमान में पिथौरागढ़ नगर में किराए के मकान में रह रही है। बताया जा रहा है कि किशोरी की बड़ी बहन का घर भी उसी क्षेत्र में है, जहां विवाहिता रहती है। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गया। बताया जा रहा है कि विवाहिता छह साल की एक बेटी की मां है, जबकि उसका पति दिल्ली में निजी नौकरी करता है। बीते दिनों विवाहिता खुद झूलाघाट कोतवाली पहुंची और पुलिस से किशोरी को बुलाने की मांग की। पुलिस ने किशोरी और उसके परिजनों को थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान जब दोनों ने एक-दूसरे के बिना नहीं रह पाने और साथ जीवन बिताने की बात कही तो परिजन और पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।

थाने में काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस और परिजनों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया और उम्र, सामाजिक परिस्थितियों तथा कानूनी सीमाओं का हवाला दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों को घर भेज दिया गया, लेकिन कोतवाली से निकलने के बाद दोनों सीधे काली नदी किनारे पहुंच गईं। परिजनों को आशंका हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि दोनों नदी में छलांग लगाने की योजना बना रही थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद महिला पुलिस कर्मियों की निगरानी में दोनों को रखा गया। पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि विवाहिता और नाबालिग किशोरी के बीच प्रेम संबंध का मामला सामने आया है। विवाहिता को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जबकि नाबालिग किशोरी को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है। किशोरी फिलहाल समिति के संरक्षण में रहेगी। बताया कि किशोरी का विवाहिता के गांव में रिश्तेदारी के कारण आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और संबंध प्रेम में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस और प्रशासन मामले को संवेदनशील मानते हुए कानूनी और सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रहे हैं।