मुंबई में आसमानी आफत: चॉल गिरने से 6 की मौत, भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे ठप

Weather-induced havoc in Mumbai: 6 dead in chawl collapse; Mumbai-Pune Expressway stalled following landslide.

मुंबई। महाराष्ट्र के तटीय और पश्चिमी इलाकों में सोमवार को प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला। मुंबई, पुणे, ठाणे और वसई-विरार समेत आस-पास के जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस आसमानी आफत के बीच मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक तीन मंजिला चॉल के ढह जाने से छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। वहीं दूसरी ओर, भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला एग्जिट के पास हुए भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) ने इस प्रमुख लाइफलाइन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के मंडला इलाके में हनुमान मंदिर के पीछे स्थित 'जनता नगर चॉल नंबर 5' में हुई। भारी बारिश के दबाव में तीन मंजिला ढांचे के दो से तीन मकान अचानक भरभराकर गिर गए। घटना के तुरंत बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, बीएमसी वार्ड कर्मचारी और '108' एम्बुलेंस सेवा ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बृहन्मुंबई नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस मलबे की चपेट में आने से चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक घायल व्यक्ति का इलाज मुंबई के राजावाड़ी अस्पताल में चल रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' सेक्शन पर खंडाला एग्जिट के पास एक बड़ा भूस्खलन हुआ। पहाड़ों से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गिरने के कारण मुंबई की तरफ जाने वाली लेन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासन युद्धस्तर पर हाईवे से मलबा हटाने और रास्ता साफ करने के काम में जुटा हुआ है। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मौसम विभाग के 'रेड अलर्ट' को देखते हुए पुणे जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार को जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी। ऑरेंज अलर्ट' और तेज हवाओं के पूर्वानुमान के चलते बीएमसी ने सोमवार, 6 जुलाई, 2026 को मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया। हालांकि, सरकारी और निजी दफ्तर सामान्य रूप से काम करते रहेंगे। ठाणे और नवी मुंबई: ठाणे के जिला कलेक्टर श्रीकृष्णनाथ पांचाल और नवी मुंबई नगर निगम ने भी एहतियात के तौर पर आंगनवाड़ी से लेकर सेकेंडरी स्कूलों और कॉलेजों तक में सोमवार की छुट्टी घोषित की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुणे नगर निगम, नवी मुंबई की मेयर सुजाता पाटिल और एनएमएमसी कमिश्नर कैलाश शिंदे ने नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी काम होने पर ही अपने घरों से बाहर कदम रखें। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि लोग नदियों, झरनों, पहाड़ी ढलानों और अन्य खतरनाक जल निकायों के पास जाने से बचें और स्थानीय आपदा प्रबंधन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें।