जीत का जश्नः भाजपा मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी! हुआ जोरदार स्वागत, बोले- दिल्ली ने दिल खोलकर प्यार दिया

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद देर शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पार्टी मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत यमुना मैया के जयकारे से की। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने दिल खोलकर हमें प्यार दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों का प्यार-विश्वास हम सभी पर कर्ज है। दिल्ली की डबल इंजन सरकार दिल्ली का तेजी से विकास करके दिखाएगी। ये विजय ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने ‘आप-दा’ को बाहर कर दिया। आज अहंकार, अराजकता की हार हुई है। कहा कि दिल्ली की असली मालिक जनता ही है, ये साफ हो गया है। जिन्हें मालिक होने का घमंड था, उनका हकीकत से सामना हो गया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली की युवा पीढ़ी 21वीं सदी में पहली बार दिल्ली में बीजेपी का पूर्ण शासन देखेगी। बीजेपी की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है, ये नतीजों से पता चल रहा है।