Good Morning India: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग जारी! उत्तराखण्ड समेत 12 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट! AI जेनरेटेड कंटेंट के नियम में बदलाव की तैयारी! बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुले, रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा, 3 लोगों की मौत
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं के परीक्षाफल 23 अप्रैल को शाम 4 बजे घोषित किए जाएंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। बंगाल में दो चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसमें आज यानी 23 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग हो रही है। पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। वहीं, तमिलनाडु की बात करें तो यहां सभी सीटों पर एक चरण में ही वोटिंग हो रही है। बीजेपी इन दोनों ही राज्यों में सत्ता में आने के लिए पूरा दमखम लगा रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी के लिए सत्ता बचाए रखना बड़ी चुनौती है। तमिलनाडु में एमके स्टालिन के लिए भी एक बार फिर सरकार में आना आसान नहीं होगा। सुबह 7 बजते ही दोनों राज्यों में वोटिंग शुरू हो गई जो शाम 6 बजे तक चलेगा। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल समेत पूरे उत्तर और मध्य भारत में लू की चेतावनी जारी की है। ऐसे में ज्यादातर मतदाता सुबह और शाम के समय ही मतदान कर सकते हैं। दोपहर में तेज गर्मी के कारण मतदान कम रह सकता है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 5.73 करोड़ से ज्यादा वोटर 4,023 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
इधर उत्तर भारत के राज्यों में जहां भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर के राज्यों में खूब बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज देश के 12 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक जिन राज्यों मे बारिश होने वाली है, वहां 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान है। जिन राज्यों में बारिश होगी, वो हैं- हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा। वहीं, आज दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान सहित कई राज्यों में लू जैसी स्थिति रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक धूप काफी तेज रहेगी और लू की स्थिति देखने को मिल सकती है, जबकि उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक, राजस्थान में अगले तीन दिनों तक, मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक तथा पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। यूपी के अधिकतर हिस्सों में आज झुलसाने वाली धूप और लू का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
इधर ईरान और अमेरिका के बीच अभी भी दूसरे दौर की वार्ता की तारीख तय नहीं की जा सकी है। वहीं दूसरी तरफ ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसेना का ब्लॉकेड जारी है। ईरान ने साफ कह दिया है कि जब तक अमेरिका अपना ब्लॉकेड नहीं हटाता, तब तक उसके साथ कोई वार्ता नहीं होगी। इस बीच ट्रंप के रुख में नरमी आई है और उन्होंने ईरान को सीजफायर वार्ता पर आगे बढ़ने के लिए समय देने के नाम पर युद्धविराम को अनिश्चितकालीन के लिए आगे बढ़ा दिया है। इधर अमेरिकी नौसैनिक ईरानी जहाजों और टैंकरों का रास्ता रोक रहे हैं। ईरान में मिसाइलों के बाद अब बुधवार की रात ड्रोन रैली निकाली गई। इसमें शाहेद-ड्रोनों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एक पिंक शाहेद ड्रोन भी दर्शाया गया। इससे एक दिन पहले ईरान ने मंगलवार को बैलिस्टिक मिसाइलों की रैली निकाली थी।
इधर मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला तहसील से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अनेर नदी में डूबने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। मामा के घर आए मासूम नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गए। नदी किनारे कपड़े और चप्पल मिलने के बाद तलाश में तीनों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वरला तहसील के बिलवा गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम भाई-बहनों की अनेर नदी में डूबने से मौत हो गई। देवली निवासी पवन ब्राह्मणे अपने परिवार के साथ ससुराल बिलवा आए थे। उनकी बड़ी बेटी पहले से मामा के घर पर मौजूद थी, जबकि बाकी तीन बच्चे- 10 वर्षीय राधा, 8 वर्षीय राजवीर और 6 वर्षीय जयवीर घर से बड़ी बहन के पास जाने का कहकर निकले थे। लेकिन रास्ते में ही तीनों बच्चे अनेर नदी पर नहाने चले गए और गहरे पानी में डूब गए।
उधर सरकार ने AI जेनरेटेड कंटेंट के नियमों में और सख्ती की तैयारी कर ली है। MeitY ने इस नियम में एक नए बदलाव के बारे में नोटिफाई किया है। इसके लिए 29 अप्रैल से लेकर 7 मई के बीच स्टेकहोल्डर्स से फीडबैक मांगा गया है। यह नया बदलाव AI कंटेंट के लेबलिंग को लेकर किया गया है, ताकि कोई नियमों में लूप-होल निकालकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश न करे। MeitY ने इसे लेकर मंगलवार को एक नया नोटिस पब्लिश किया है, जिसमें एआई जेनरेटेड कंटेंट की लेबलिंग करने के नियम को सख्त करने का बात कही है। इसके लिए AI जेनरेटेड कंटेंट के नियम 3 (3)(a)(ii) को संशोदित किया गया है। इसमें कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड होने वाले AI जेनरेटेड कंटेंट को लेबल करने की जरूरत है। जब तक एआई जेनरेटेड कंटेंट स्क्रीन पर रहेगा, तब तक इसका लेबल स्क्रीन पर साफ-साफ दिखाई देनी चाहिए।
इधर पाकिस्तान के ज्यादातर खूंखार आतंकियों ने दुनिया भर की सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों को गच्चा देने के लिए अपने नाम बदल रखे हैं। कोई एक-दो नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की फाइलों में इन दहशतगर्दों के दर्जनभर नाम देखने को मिल रहे हैं। मुंबई हमलों के आरोपी और भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी 'दाऊद इब्राहिम' के 22 नाम हैं। पाकिस्तानी आतंकी संगठन 'लश्कर-ए-ताइबा' प्रमुख हाफिज सईद के 9 और जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का शीर्ष आतंकी मोहीउद्दीन औरंगजेब आलमगीर 11 नामों से जाना जाता है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा 'गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यूएपीए के तहत आतंकियों की जो सूची तैयार की गई है, उसमें 57 आतंकियों के लगभग 200 नाम लिखे गए हैं। गृह मंत्रालय की सूची में पहला नाम मौलाना मसूद अजहर का है। उसे मौलाना महमूद मसूद अजहर अलवी और विला अदाम इस्सा नाम से जाना जाता है। रियाज इस्माइल शाहबंदर को शाह रियाज अहमद, रियाज भटकल, मोहम्मद रियाज, अहमद भाई, रसूल खान, रोशन खान और अजीज नाम से जाना जाता है। इब्राहिम मेनन के दूसरे नामों में टाइगर मेनन, मुस्ताक, सिकंदर आदि शामिल हैं। सैयद मोहम्मद युसूफ शाह ने सैयद सलाउद्दीन, पीर साहब और बुजुर्ग नाम रखा हुआ है। रियाज इस्माइल शाहबांदरी के आठ नाम हैं। हबीबुल्लाह मलिक के 9, गुलाम नबी खान के 6 और जफर इकबाल ने अपने पांच नाम रखे हुए हैं।
उधर वेतन वृद्धि की मांग को लेकर 13 अप्रैल को हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन की जांच के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दी है। इसका नेतृत्व एडीसीपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। इसमें 10 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल हैं। एसआईटी दर्ज मामलों की जांच कर पुलिस कमिश्नर को रिपोर्ट सौंपेगी। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि एसआईटी बनने से जांच में तेजी आएगी। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच चल रही है। हिंसक प्रदर्शन के दौरान मिली जानकारी व तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। चिह्नित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्वॉट, सीआरटी समेत छह टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। अहम है कि 13 अप्रैल को नोएडा और ग्रेनो में 83 जगह पर प्रदर्शन हुए थे। इनमें 42 हजार से ज्यादा लोग शामिल थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रदर्शन को हिंसक बनाने में बाहरी तत्वों की भूमिका थी। इस मामले में अब तक 11 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें 2000 से अधिक अज्ञात के शामिल होने की बात कही गई है। मामले में मुख्य आरोपी आदित्य आनंद समेत 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इधर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मुश्किल में फंस गए हैं। तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन खरगे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'आतंकवादी' बता दिया था। भाजपा ने उनके इस बयान पर सख्त आपत्ति जताई थी और चुनाव आयोग से एक्शन लेने की मांग की थी। अब निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहने के मामले को गंभीरता से लिया है और खरगे को सख्त नोटिस जारी किया है। चुनाव आयोग ने मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस भेज कर इस मामले में 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। दरअसल, तमिलनाडु में चुनाव कैंपेन के आखिरी दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़ी गलती कर दी। इसका बड़ा नुकसान कांग्रेस को चुनाव में देखने को मिल सकता है। खरगे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे और कांग्रेस व DMK अलायंस की खूबियां गिना रहे थे। इसी दौरान खरगे ने AIADMK के NDA में शामिल होने पर सवाल उठाए। खरगे ने कहा कि AIADMK के लोग, जो खुद अन्नादुरई की तस्वीर लगाते है, वे मोदी के साथ कैसे जा सकते हैं? वो एक आतंकवादी हैं। खरगे ने कहा- "AIADMK के लोग जो खुद अन्नादुरई की तस्वीर लगाते हैं वो मोदी के साथ अलायंस कैसे कर सकते हैं, वह आतंकवादी हैं। वो समानता में विश्वास नहीं करते। उनकी पार्टी समानता और न्याय के सिद्धांत में यकीन नहीं करती है और ये लोग यानी AIADMK उन्हें ज्वाइन कर रहे हैं।"
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बदरीनाथ मंदिर के कपाट आज सुबह सवा छह बजे बैसाख मास शुक्ल पक्ष पुनर्वसु नक्षत्र व सर्वार्थ सिद्ध योग में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। सीएम पुष्कर सिंह धामी भी कपाट खुलने के पावन पल के साक्षी बने। इससे पहले बुधवार को ही उद्दव, तेल कलश और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी बदरीनाथ धाम पहुंच गई थी, जबकि कुबेर की डोली रात्रि प्रवास के लिए बामणी गांव पहुंची। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के प्राचीन मठ-मंदिरों तक को 25 कुंतल ऑर्किड और गेंदे के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र जगमगा उठा है।
इधर रुद्रप्रयाग जिले के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीरी से औरिंग की ओर जा रहा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 250 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और एसडीआरएफ पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में जवानों ने रात के अंधेरे में खाई में उतरकर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद दो शवों को बाहर निकाल लिया है, जबकि तीसरे शव को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे में मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष), अंशुल (28 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी रुद्रप्रयाग जिले के निवासी हैं।
उधर प्रस्तावित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दौरे को लेकर एम्स ऋषिकेश में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर एम्स परिसर तक पूरे क्षेत्र को तीन विशेष सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया है। पहला जोन जौलीग्रांट एयरपोर्ट, दूसरा जोन एम्स हेलीपैड और तीसरा जोन मुख्य कार्यक्रम स्थल को बनाया गया है। तीनों जोन की सुरक्षा की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि दौरे के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखते हुए चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो।