रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा: बस-कार की टक्कर के बाद लगी आग, 3 साल के मासूम समेत 6 लोग जिंदा जले
कर्नाटक। कर्नाटक के यादगिर जिले में शुक्रवार की सुबह एक ऐसा भयानक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। सुरपुरा तालुक में एक प्राइवेट बस और कार के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस अग्नितांडव में कार में सवार एक ही परिवार के छह लोग जिंदा जल गए। मरने वालों में एक तीन साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।
शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कार का एक टायर अचानक फट गया। टायर फटने से ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सामने से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में कार और बस लोहे के कंकाल में तब्दील हो गए। पुलिस ने मृतकों की पहचान कृष्ण नायक, अनंत कला नायक, शरणप्पा, निसर्ग शरणप्पा, सिद्धार्थ शरणप्पा और शशिकला (के रूप में की है। ये सभी मृतक रायचूर जिले के सिरवार तालुक के रहने वाले थे और अपने घर लौट रहे थे। इस दर्दनाक हादसे में शरणप्पा दंपती की दो मासूम बेटियां, अद्विका (5 वर्ष) और श्रीनिधि चमत्कारिक रूप से बच गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग की लपटों के बीच से निकाला। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के समय बस बेंगलुरु से कलबुर्गी की ओर जा रही थी। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 20 यात्री समय रहते नीचे उतर गए और सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यादगिर के पुलिस अधीक्षक पृथ्वी शंकर ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सुरपुरा थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद से मृतकों के पैतृक गांव रायचूर में मातम पसरा हुआ है।