उत्तराखण्डः काशीपुर में दिनदहाड़े युवती की हत्या! इलाके में फैली सनसनी, वारदात के बाद आरोपी फरार
काशीपुर। काशीपुर के महुआखेड़ा गंज के वार्ड नंबर तीन स्थित मढ़ैया देवी क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी और उसके परिवार के लोगों के फरार होने की बात सामने आ रही है। मृतका की पहचान मेहबिश पुत्री स्वर्गीय फरियाद हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मेहबिश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती की हत्या पड़ोस के एक घर में की गई। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर शव को युवती के घर पर छोड़कर वहां से चला गया। घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। वारदात की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फॉरेंसिक जांच के बाद पुलिस को घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। घटना के बाद से आरोपी पक्ष के परिवार के लोग भी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और वारदात के पीछे क्या कारण रहा। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक जांच और शुरुआती तफ्तीश पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारणों और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस टीम आरोपी की तलाश के साथ-साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। इधर युवती की हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।