Sep 10, 2026 Login

रुद्रपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन! त्रिशूल चौक पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को पुलिस ने हिरासत में लिया

BJP National President Nitin Navin arrived in Rudrapur! Party workers welcomed him at Trishul Chowk, while former MLA Rajkumar Thukral was taken into custody by the police.

रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के बीच गुरुवार को रुद्रपुर में सियासी हलचल देखने को मिली। नितिन नवीन के ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर पहुंचने पर जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने त्रिशूल चौक पर उनका जोरदार स्वागत किया, वहीं इसी दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ठुकराल गल्ला मंडी स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद मंदिर से बाहर निकले ही थे कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि ठुकराल ने लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने भगवान हनुमान से जुड़ी एक घटना के विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ किया था। उनका कहना था कि हनुमान चालीसा पढ़ने का उद्देश्य भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को सद्बुद्धि की कामना करना था। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और अपने साथ ले गई। उधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रुद्रपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। त्रिशूल चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नितिन नवीन के दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई। कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। नितिन नवीन रुद्रपुर में एक निजी होटल में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में शामिल हुए। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित पार्टी सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया और संगठन को मजबूत करने के साथ चुनाव में जीत का मंत्र दिया।