रुद्रपुर में गरजे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन! सिख समाज के बलिदान को किया नमन, कांग्रेस पर साधा निशाना
रुद्रपुर। उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मान कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में सिख समाज के हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम स्थल पर तलवार और पुष्पगुच्छ भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने सिख समाज के देश के प्रति योगदान, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि पंजाबी और सिख समाज का भाजपा के दिल में हमेशा विशेष स्थान रहा है। अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि सिख समाज का गौरव हमेशा भारत के गौरव से जुड़ा रहा है। जब भी देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की बात सामने आई, सिख समाज ने आगे बढ़कर राष्ट्र की रक्षा की और जरूरत पड़ने पर अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में सिख समाज के त्याग और बलिदान की गौरवशाली परंपरा रही है और भाजपा इस परंपरा के प्रति सम्मान का भाव रखती है। नितिन नवीन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद 1984 के दंगों से जुड़े मामलों में दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया है। कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को लेकर कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया की निगाहें भारत की ओर हैं और BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत अपनी नेतृत्व क्षमता और सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश भारत के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब भारत में G20 जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हुआ, तब भी कांग्रेस नेताओं की ओर से सवाल उठाए गए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित AI समिट का जिक्र करते हुए कहा कि जब भारत वैश्विक मंच पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है, तब भी विपक्ष के कुछ नेताओं की ओर से देश की उपलब्धियों पर सवाल उठाए जाते हैं। नितिन नवीन ने कहा कि आज BRICS सम्मेलन के जरिए भारत दुनिया के सामने अपनी नेतृत्व क्षमता और सामर्थ्य का परिचय दे रहा है। विभिन्न देशों के शीर्ष नेतृत्व का भारत आकर वैश्विक विकास और सहयोग के मुद्दों पर चर्चा करना देश के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि विपक्ष को देश की उपलब्धियों पर सवाल उठाने के बजाय भारत की बढ़ती ताकत को स्वीकार करना चाहिए। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं, विशेष रूप से राहुल गांधी, पर विदेशों में जाकर भारत की आलोचना करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस के इस रवैये का जवाब देगी। नितिन नवीन ने कहा कि भारत के विकास, उत्थान और सामर्थ्य को रोकने की कोशिश सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता की ताकत को समझना होगा। जनता पहले भी अपने जनादेश के माध्यम से जवाब दे चुकी है और आने वाले समय में भी अपने मत के जरिए जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में देश की वैश्विक भूमिका और मजबूत होगी।