उत्तराखंड:जाड़े हो गए शुरू, पहाड़ों के जाड़ो की गुनगुनी धूप में खासतौर पर खाया जाता है "सना हुआ नींबू"! आपने भी खाया?
पहाड़ों में खतड़वा हो चुका है,खतड़वे के साथ ही ठंड की शुरुआत हो जाती है। दशहरे के बाद उत्तराखंड के पहाड़ों में सर्दियां भी शुरू हो गयी है। सर्दियों की सबसे खास बात ये है कि पहाड़ों में गुनगुनी धूप, चटक मौसम और सरसरी हवाएं मन मोह लेती है। पहाड़ों में अक्टूबर से दिसंबर के बीच तक का मौसम बेहद ही खुशनुमा होता है क्योंकि न तो बरसात होती है ना बर्फबारी होती है। चटकीली गुनगुनी धूप में बैठे हुए लोग अक्सर आपको पहाड़ों में दिख जाएंगे। लेकिन आपने धूप में बैठे इन लोगो की एक खास बात नोट की? ये खास बात है धूप में बैठकर अक्सर पहाड़ों में लोग नींबू सानते है। जी हां ! पहाड़ी बड़े बड़े नींबू को दही में साना जाता है और बच्चों से लेकर बूढ़े सभी सने हुए पहाड़ी नींबू को खूब चटकारे लेकर खाते है।

पहाड़ी बड़े नींबू छोटे पपीते जैसे दिखते है और बेहद रसीले होते है। आप भी कभी इस पहाड़ी नींबू को घर पर सानना और धूप में बैठकर ज़रूर खाना तब आपको पता चलेगा कि पहाड़ों में इसे खूब पसंद क्यो किया जाता है।
तो आइए इस पहाड़ी नींबू को सानना भी सीख लीजिये।
पहाड़ी बड़े नींबू को सबसे पहले छिल लीजिये,अगर आप इनके छिलकों को टेस्ट करेंगे तो ये हल्के मीठे लगेंगे इनमें तीखापन बिल्कुल नही होता, लेकिन आप छिलकों को हटा ही दीजिये। फिर छिले हुए नींबू के छोटे छोटे टुकड़े कर लीजिए। इसी तरह मूली भी छीलकर छोटे छोटे टुकड़ों में काट लीजिये। मूली को अगर आप काटने की बजाय छिलके की तरह काटेंगे तो और स्वाद बढ़ जाएगा। इसके बाद नींबू और मूली के टुकड़ों में दही,हरी मिर्च की भांग के साथ पिसी हुई चटनी,हरा धनिया, पिसा हुआ गुड़(गुड़ न हो तो चीनी भी इस्तेमाल कर सकते है),एक माल्टा या संतरा,लाल मिर्च,स्वादानुसार नमक, सब सामग्री डालकर अच्छी तरह मिला लीजिए। बस अब तैयार है आपका सना हुआ नींबू!

इस मिश्रण को अब कटोरियों में थोड़ा थोड़ा डालकर सबको दीजिये और याद रखियेगा ये मिश्रण तभी खाये जब आप धूप में बैठे हो और कामकाज से निबट चुके हो। रेसिपी सुनकर आपके मुंह मे भी पानी आ गया ना? पहाड़ी सना हुआ नींबू कैल्शियम से भरपूर होता है साथ ही इसमें पड़ा हुआ दही आपको एनर्जी देता है, चटपटा सना हुआ नींबू खट्टा मीठा और नमकीन होता है। पहाड़ों के ये अलौकिक व्यंजन अब भारत ही नही बल्कि विदेशों में भी खूब पसंद किया जाने लगा है।
फ़ोटो साभार:गूगल