उत्तराखण्डः मौसम ने बदली करवट! केदारनाथ धाम समेत कई जगहों पर बर्फबारी, मिनी स्विटजरलैंड चोपता पहुंच रहे पर्यटक
रुद्रप्रयाग। मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल दी है। इस दौरान हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी, तो निचले इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। दो दिनों से केदारनाथ, तुंगनाथ, मदमहेश्वर धाम सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मिनी स्विटजरलैंड चोपता में बर्फबारी होने से देश-विदेश से पर्यटक बर्फबारी का आनंद उठाने पहुंच रहे हैं। बर्फबारी का आनंद लेने आ रहे रहे पर्यटक बाबा केदार की शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद ले रहे हैं, जिससे शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा मिल रहा है। बता दें कि पहाड़ी क्षेत्रों में दो दिनों से मौसम खराब है, जिसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तो निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है। केदारनाथ धाम में बर्फबारी से ठंड का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है। यहां आईटीबीपी के साथ पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। जवानों को भारी ठंड में पानी की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। यहां तीन से चार इंच तक बर्फ जम चुकी है। केदारनाथ धाम के अलावा मदमहेश्वर व तुंगनाथ धाम में भी बर्फबारी हो रही है। तुंगनाथ धाम में बर्फबारी का आनंद लेने को लेकर पर्यटक पहुंच रहे हैं। मिनी स्विटजरलैंड चोपता से मात्र तीन किमी की दूरी पर तुंगनाथ धाम मंदिर हैं। यहां भी शीतकाल के दौरान कपाट बंद रहते हैं, लेकिन भक्त चोपता की वादियों में बर्फबारी का आनंद लेने के साथ ही मंदिर परिसर के बाहर से ही बाबा तुंगनाथ के दर्शन करते हैं। इसके अलावा बाबा केदार की शीतकालीन गद्दीस्थल आेंकारेश्वर मंदिर में भी पर्यटक भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा मिल रहा है।