देवभूमि को फिर मिलेगी विकास की सौगात: 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ रहे हैं पीएम मोदी,एक्सप्रेसवे समेत कई और योजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

The 'Land of the Gods' to Receive Another Gift of Development: PM Modi Arrives in Uttarakhand on April 14 to Dedicate and Lay the Foundation Stones for Several Projects, Including an Expressway.

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच महीने बाद एक बार फिर देवभूमि उत्तराखंड आ रहे हैं। 14 अप्रैल को उनका उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इस बार भी राज्य को कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से गहरा आध्यात्मिक और व्यक्तिगत लगाव है। वे न सिर्फ राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों को भी विशेष ध्यान देते हैं। इससे पहले 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री उत्तराखंड आए थे। उस दौरान उन्होंने एफआरआई परिसर में 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। साथ ही विकसित उत्तराखंड के लिए ‘वेडिंग डेस्टीनेशन’ और ‘एक जिला एक मेला’ जैसे महत्वपूर्ण मंत्र भी दिए थे। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे समेत अन्य प्रमुख विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। लोग उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने सीमांत गांवों का प्रवास किया। उन्होंने चमोली जिले के माणा गांव, उत्तरकाशी जिले के मुखवा गांव और पिथौरागढ़ के आदि कैलाश क्षेत्र का दौरा कर इन दूरस्थ इलाकों को देश-दुनिया के मानचित्र पर पहचान दिलाई। इन प्रवासों ने न सिर्फ स्थानीय लोगों में उत्साह बढ़ाया बल्कि पर्यटन और विकास की नई संभावनाएं भी खोलीं। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस दौरे के दौरान विकास के नए आयाम जुड़ेंगे और उत्तराखंड को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।