Aug 26, 2026 Login

उत्तराखण्ड: चरित्र पर शक, सगे भाई ने 15 मिनट के अंदर दो बहनों को उतारा मौत के घाट! पेपर लीक मामले में जेल भी गया था आरोपी

Uttarakhand: Suspecting their character, a man killed his two sisters within 15 minutes! The accused had previously been jailed in a paper leak case.

रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की में मंगलवार देर शाम महज 15 मिनट के अंतराल में दो विवाहित बहनों की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि दोनों बहनों के सगे भाई विवेक ने ही वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पहले प्रीत विहार क्षेत्र में ई-रिक्शा से घर लौट रही बड़ी बहन संगीता (50) को रास्ते में रोककर दो गोलियां मारीं। इसके करीब 15 मिनट बाद वह लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर सुभाषनगर पहुंचा और घर का दरवाजा खुलते ही छोटी बहन पुष्पा (42) पर भी दो गोलियां दाग दीं। दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान घर में मौजूद पुष्पा के पति संदीप को भी गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, भगवानपुर के चुड़ियाला निवासी दोनों बहनों का अपने भाई के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी दोनों बहनों के चरित्र पर संदेह करता था। पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके द्वारा तमंचे से वारदात किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सात चले हुए कारतूस और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। संगीता रुड़की की प्रीत विहार कॉलोनी में अपने बेटे के साथ रहती थीं। मंगलवार देर शाम वह ई-रिक्शा से सेक्टर रोड होते हुए घर लौट रही थीं। रास्ते में आरोपी पहले से मौजूद था। ई-रिक्शा के धीमा होते ही उसने संगीता पर लगातार दो गोलियां चला दीं। गोली लगने से संगीता की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गया। सड़क पर हुई हत्या से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पहली वारदात के करीब 15 मिनट बाद आरोपी सुभाषनगर स्थित पुष्पा के किराये के मकान पर पहुंचा। पुष्पा अपने पति संदीप के साथ यहां करीब एक वर्ष से रह रही थीं। आरोपी ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही उसने पुष्पा पर दो गोलियां चला दीं। गोली लगने से पुष्पा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान पुष्पा के पति संदीप भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपनी दोनों बहनों के चरित्र पर संदेह करता था। दोनों बहनों का पारिवारिक जीवन भी विवादों से घिरा रहा था। संगीता के बेटे अर्जुन के मुताबिक, उसके पिता से अलग होने के बाद उसकी मां मायके चुड़ियाला में रह रही थीं। आरोप है कि बाद में भाई ने उन्हें वहां से निकाल दिया था। वहीं पुष्पा की यह दूसरी शादी थी और पति से अलग रहने के दौरान वह भी कुछ समय मायके में रही थीं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। आरोपी के बारे में यह भी जानकारी सामने आई है कि वह कोचिंग सेंटर चलाता है और पेपर लीक से जुड़े एक मामले में नकल कराने के आरोप में उसके खिलाफ कार्रवाई की बात सामने आई थी। पुलिस अब बरामद हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।