Sep 16, 2026 Login

उत्तराखण्डः नैनीताल हाईकोर्ट के अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी भरा पत्र मिलने से मचा हड़कंप! पहले एक्सीडेंट फिर हमला करने की धमकी का दावा, पुलिस जांच में जुटी

Uttarakhand: Stir caused after Nainital High Court advocate Navnish Negi receives a threatening letter; he alleges threats of a staged accident followed by an attack—police have launched an investiga

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता नवनीश नेगी को कथित तौर पर धमकी भरा पत्र मिलने से अधिवक्ता समाज में रोष है। पत्र में पहले एक्सीडेंट और उसके बाद हमला करने की धमकी दिए जाने का दावा किया गया है। मामले में पुलिस को तहरीर देकर जांच की मांग की गई है। वहीं अधिवक्ताओं ने सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग भी उठाई है। हाईकोर्ट अधिवक्ता नवनीश नेगी को मिले इस कथित धमकी भरे पत्र ने अधिवक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। नेगी के मुताबिक पत्र में उन्हें पहले हादसे का शिकार बनाने और फिर हमला करने की धमकी दी गई है। पत्र कई भाषाओं में लिखा गया है और गूगल लेंस से किए गए अनुवाद में इसकी भाषा बेहद धमकी भरी बताई गई है। मामले में अधिवक्ता ने पुलिस को तहरीर देने के साथ ही पत्र और लिफाफा भी जांच के लिए सौंपा है। साथ ही बार एसोसिएशन से भी मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि धमकियों के जरिए न्याय की लड़ाई को प्रभावित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि वकील बिना भय के न्यायालय में अपनी जिम्मेदारी निभा सकें, इसके लिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। वहीं अधिवक्ताओं ने सरकार से उत्तराखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट जल्द लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि कई राज्यों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए कानून लागू हो चुका है, ऐसे में उत्तराखंड में भी इसी मानसून सत्र में एक्ट लाया जाना चाहिए। अब पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि यह धमकी भरा पत्र किसने भेजा और इसके पीछे कौन लोग हैं। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर अधिवक्ताओं की सुरक्षा और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को प्रमुखता से सामने ला दिया है।