उत्तराखण्ड एसटीएफ की सफलताः एसएससी एमटीएस परीक्षा में नकल कराने वाला गैंग पकड़ा! दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, पास कराने के लेते थे 10 लाख रुपए
देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने परीक्षा में नकल कराने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार, निवासी देवरिया (यूपी) और भास्कर नैथानी, निवासी देहरादून हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी एसएससी की एमटीएस भर्ती परीक्षा में नकल करवा रहे थे। एसटीएफ आईजी नीलेश भरणे ने खुद इस मामले का खुलासा किया है। परीक्षा केंद्र को भी सील कर दिया गया है। ये गिरोह एग्जाम पास कराने के एवज में 10 लाख रुपए की डिमांड करता था। एसटीएफ आईजी नीलेश भरणे ने बताया कि यूपी और उत्तराखंड एसटीएफ को इनपुट मिला था कि कुछ लोग गिरोह बनाकर अभ्यर्थियों को धोखा देने की नीयत से उन्हें परीक्षा में पास करने का लालच देकर मोटी धनराशि लेने के फिराक में है। इस इनपुट पर यूपी और उत्तराखंड की एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए परीक्षा केन्द्र महादेव डिजिटल जोन, एमकेपी इण्टर कालेज देहरादून में प्राप्त इनपुट के आधार पर दबिश दी गई। एसटीएफ के मुताबिक दबिश के दौरान उन्हें परीक्षा लैब के पास बने यूपीएस रूम के एक कोने में 24ग24 इंच का अंडर ग्राउंड चेंबर (गड्ढा) 24ग24 बना हुई थी। वहीं पर दो लेपटॉप राउटर ऑटोमेटिक अवस्था में मिले, जिनको रिमोटली चलाया जा रहा था। दोनों लैपटाप के माध्यम से परीक्षा में प्रश्न पत्रों को हल करने में मदद की जा रही थी। एसटीएफ टीम ने तकनीकी और फॉरेन्सिंक उपकरणों का प्रयोग करते हुए सिस्टम को कब्जे में लेकर सील किया गया। साथ ही अवैध गतिविधि में शामिल दो आरोपी नीतिश कुमार और भास्कर नैथानी को गिरफ्तार किया गया। आईजी एसटीएफ नीलेश भरणे ने बताया कि आरोपियों की तरफ से अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने के लिए 10 लाख रुपए की मांग की जाती थी। इसके बाद अत्याधुनिक तकनीकी का प्रयोग कर कम्प्यूटर को रिमोटली एक्सेस लेकर उनका प्रश्न पत्र हल किया जाता था। सह आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।