क्या भारत में खत्म हो रहा पेट्रोल-डीजल? हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने तोड़ी चुप्पी! कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान, बताई सच्चाई

Are petrol and diesel supplies running out in India? Hindustan Petroleum and Bharat Petroleum have broken their silence, saying, "Don't pay attention to rumors, but tell the truth."

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत के विभिन्न हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर कुछ खबरें वायरल हो रही हैं, जिससे आम जनता में घबराहट का माहौल बन गया है। कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लेकिन, क्या वाकई भारत में तेल खत्म होने वाला है? इस गंभीर स्थिति पर देश की दिग्गज तेल कंपनियों हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और देशवासियों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। एचपीसीएल और बीपीसीएल दोनों ने ट्वीट कर स्पष्ट कर दिया है कि सोशल मीडिया पर चल रही पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें पूरी तरह निराधार और गलत हैं। कंपनियों का कहना है कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। अक्सर देखा जाता है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव या अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव की खबरों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है, जिससे आम जनता पैनिक में आकर ज्यादा पेट्रोल-डीजल खरीदने लगती है। कंपनियों ने साफ किया है कि सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य है और तेल की आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आई है। कंपनियों ने नागरिकों से विशेष अनुरोध किया है कि वे अफवाहों के चक्कर में आकर बेवजह पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। जब एक साथ हजारों लोग जरूरत से ज्यादा तेल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचते हैं, तो वहां आर्टिफिशियल शॉर्टेज जैसी स्थिति पैदा हो जाती है, जिसे संभालना मुश्किल होता है। बीपीसीएल ने अपने बयान में कहा कि हम सभी ग्राहकों के लिए बिना किसी रुकावट के ईंधन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कृपया केवल ऑफिशियल सोर्स से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।