उत्तराखण्डः लोकगायिका रिंकू राणा की सड़क हादसे में मौत! परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़, सीएम धामी ने जताया दुख
खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां लोकगायिका रिंकू राणा की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनके निधन की खबर से परिजनों, प्रशंसकों और संगीत जगत में शोक की लहर छा गई। बताया जाता है कि वह अपने मायके बिचपुरी नानकमत्ता से होली मनाकर अपनी भतीजी के साथ स्कूटी से लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से गंभीर घायल हो गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया है। बता दें कि रिंकू राणा थारू जनजाति की लोक गायिका थी और बंटी राणा सांस्कृतिक दल के साथ कार्यक्रम करती थीं।
रिंकू राणा का ससुराल नानकमत्ता के ही पूरनगढ़ नौगला है। वह अपने पीछे अपने 9 साल के बेटे निशांत सिंह एवं पति महेश सिंह को छोड़ गई हैं। रिंकू राणा थारू जनजाति के लोक कलाकार बंटी राणा के सांस्कृतिक दल के साथ राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में प्रस्तुति देती थीं। बंटी राणा के साथ दल प्रमुख भी थी। लोक कलाकार रिंकू राणा के निधन से उनके परिजनों और थारू जनजाति समाज के लोक कलाकारों में शोक का माहौल है। सीमांत क्षेत्र के थारू जनजाति समाज की उभरती हुई लोक गायिका रिंकू राणा के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने शोक जताया है।