रुद्रपुर में पार्षद के बेटे की दबंगईः होली के दिन घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़! कपड़े फाड़ने और मारपीट के आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Rudrapur councilor's son's bullying: Entering a home on Holi and molesting a teenage girl! Accused of tearing clothes and assaulting her, police investigating.

रुद्रपुर। यूं तो होली के दिन प्रदेशभर में कई छुटपुट घटनाएं सामने आईं, लेकिन ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक किशोरी ने पार्षद के बेटे और उसके साथियों पर जबरन घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। मामला रम्पुरा का है और पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद घायल किशोरी और उसके परिजन जिला अस्पताल में मेडिकल कराने पहुंचे, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आई। पीड़ित किशोरी ने बताया कि बुधवार को होली खेलने के बाद वह अपने घर पर अकेली थी। उस समय उसका भाई नहाने गया हुआ था, जबकि मां पड़ोस में होली मिलने गई हुई थी। उसके पिता भी किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान स्थानीय पार्षद का बेटा अपने तीन-चार साथियों के साथ जबरन उनके घर में घुस आया। किशोरी का कहना है कि घर में घुसते ही युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। इसी बीच उसका भाई नहाकर घर लौटा और उसने बहन के साथ हो रही हरकत का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर किशोरी की मां और पिता भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और ईंट तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए। परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बीच-बचाव कराया। बताया जा रहा है कि भीड़ जुटती देख आरोपी युवक परिवार को जान से मारने और देख लेने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार तुरंत रम्पुरा चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है।