उत्तराखण्डः 17 जुलाई को देवभूमि आएंगे राहुल गांधी! ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से करेंगे सीधा संवाद
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 17 जुलाई को उत्तराखंड दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना है। कांग्रेस का कहना है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा संपन्न हुआ है। इसके बाद अब राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन तैयारियों में जुट गया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस दौरे से प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। गौरतलब है कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा इससे पहले 4 और 5 जून को प्रस्तावित था। वह 4 जून को पंतनगर पहुंच भी गए थे और वहां से अल्मोड़ा जाने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। प्रतिकूल मौसम की वजह से उनका कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। बाद में राहुल गांधी ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की थी।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि देशभर में सामने आए पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार होने वाली गड़बड़ियों से विद्यार्थियों का मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान हुआ है। कई परिवार वर्षों की मेहनत और उम्मीदों के साथ अपने बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं, लेकिन अनियमितताओं के कारण उनका भविष्य प्रभावित होता है। कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में छात्रों और युवाओं के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। इसी अभियान के तहत उत्तराखंड में भी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जहां छात्र अपनी बात सीधे राहुल गांधी के सामने रख सकेंगे। वहीं कांग्रेस का कहना है कि 17 जुलाई की शाम आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, कौशल विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुली चर्चा होगी। पार्टी नेताओं के अनुसार यह संवाद केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सुनने का मंच होगा। फिलहाल राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।