Aug 30, 2026 Login

उत्तराखण्डः हल्द्वानी में रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धीकरण’ पर गरमाई सियासत! एसएसपी कार्यालय पहुंचे कांग्रेसी, एफआईआर दर्ज करने की उठी मांग

Uttarakhand: Politics heats up over the alleged ‘purification’ of Ramlila Maidan in Haldwani; Congress members reach SSP’s office, demand registration of an FIR.

हल्द्वानी। रामलीला मैदान में आठ अगस्त को आयोजित कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धीकरण’ को लेकर सियासी विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने रविवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि रैली समाप्त होने के बाद रामलीला मैदान में हवन-पूजन कर कथित तौर पर शुद्धीकरण किया गया, जो अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को अपमानित करने और जातिगत भेदभाव की भावना को प्रदर्शित करने वाला कृत्य है। यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली आयोजित हुई थी। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम लोग शामिल हुए थे। कांग्रेस के अनुसार, रैली समाप्त होने के बाद कुछ लोगों की ओर से मैदान में हवन-पूजन कर कथित रूप से शुद्धीकरण किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि रैली के बाद किए गए कथित शुद्धीकरण के पीछे जातिगत भेदभाव की भावना दिखाई देती है। यूथ कांग्रेस ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि किसी कार्यक्रम के बाद इस प्रकार की गतिविधि की गई है और इससे किसी वर्ग की भावनाओं या सम्मान को ठेस पहुंची है, तो इसकी कानूनी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में 14 अगस्त को हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर भी दी गई थी। हालांकि, उनका कहना है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। इसी को लेकर रविवार को संगठन के पदाधिकारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।

एआई वीडियो को लेकर भी जांच की मांग
ज्ञापन में रैली के बाद कथित तौर पर तैयार किए गए एआई वीडियो का भी उल्लेख किया गया है। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि सोशल मीडिया पर रैली से संबंधित एक कथित एआई वीडियो प्रसारित किया गया, जिसकी भी जांच की जानी चाहिए। संगठन ने पुलिस से मांग की है कि वीडियो की सत्यता, उसके निर्माण और प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में विकास कुमार, नीरज कुमार, सुमित लोहनी, स्वाति जोशी, हेमंत पांडे, शोभित कुमार, दिग्विजय सिंह बिष्ट समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।