नैनीताल की पहाड़ियों पर देश-विदेश के धावकों ने दिखाया दमखम! प्रभु महतो ने जीता पुरुष वर्ग का खिताब, केन्या के जोनिक सिरु रहे दूसरे स्थान पर
नैनीताल। नैनीताल में आयोजित 15वीं मानसून माउंटेन मैराथन में देश-विदेश के धावकों ने दमखम दिखाया। इस दौरान 21 किलोमीटर की दौड़ में कोटद्वार के प्रभु महतो ने पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि केन्या के जोनिक सिरु दूसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में हरियाणा की धावक रुबी ने बाजी मारी। मैराथन में 1500 से अधिक धावकों ने प्रतिभाग किया। इससे पहले फलैट्स मैदान में सुबह से ही धावकों और खेल प्रेमियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दौड़ शुरू होते ही धावकों का जोश और जज्बा देखते ही बन रहा था। फलैट्स मैदान से जैसे ही धावकों ने रफ्तार पकड़ी, पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पहाड़ी रास्तों और कठिन ट्रैक पर धावकों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। 21 किलोमीटर की दौड़ में कोटद्वार के प्रभु महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं केन्या से पहुंचे जोनिक सिरु दूसरे स्थान पर रहे। प्रभु महतो ने बताया कि नैनीताल में यह उनकी पहली मैराथन है और यहां का ट्रैक काफी चुनौतीपूर्ण है, लेकिन दौड़ में हिस्सा लेकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। वहीं केन्या से नैनीताल पहुंचे जोनिक सिरु ने भी पहली बार इस मैराथन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि नैनीताल के रास्ते काफी कठिन हैं, लेकिन यहां आकर मैराथन में प्रतिभाग करना उनके लिए शानदार अनुभव रहा। नैनीताल मानसून माउंटेन मैराथन का आयोजन इस बार चार वर्गों में किया गया। प्रतियोगिता में 1500 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। मुख्य दौड़ के साथ ही ओपन वर्ग, स्कूल वर्ग, स्कूल बालिका वर्ग और रन टू फन जैसी श्रेणियों में भी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजकों का कहना है कि मानसून के बीच आयोजित होने वाली यह मैराथन हर साल देश-विदेश के धावकों को नैनीताल की ओर आकर्षित करती है और इसका उद्देश्य युवाओं को फिटनेस और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना भी है।