उत्तराखण्डः मोबाइल गेमिंग की लत ने ली युवक की जान! कमरे में पंखे से लटका मिला शव, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से सामने आई एक खबर ने हर किसी की चिंता बढ़ा दी। यहां कुंडेश्वरा में रहने वाले 20 वर्षीय मनीष ने अपने ही घर के कमरे में पंखे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। शुरुआती जांच में मोबाइल गेमिंग की लत को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। इस खबर के सामने आने के बाद अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार मनीष अपनी मां के साथ घर पर था, जबकि उसके पिता रमेश काम पर गए हुए थे। देर शाम काफी देर तक मनीष कमरे से बाहर नहीं आया, तो मां उसे बुलाने के लिए कमरे में गई। जैसे ही मां ने कमरे का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। मनीष का शव पंखे से लटका था। मां का शोर सुन पहुंचे पड़ोसियों ने शव को नीचे उतारकर घटना की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रविवार को शव को पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया। कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी मनोज धोनी ने बताया कि मृतक युवक को मोबाइल फोन में गेम खेलने की लत थी। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि आत्महत्या से पहले मनीष ने अपना मोबाइल फार्मेट कर दिया था। फोन से डेटा डिलीट किए जाने से मामला और भी पेचीदा हो गया है। स्वजन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मनीष का स्वभाव अंतर्मुखी था। वह परिवार या बाहर किसी से भी ज्यादा बातचीत नहीं करता था और उसका ज्यादातर समय अकेले बीतता था। उसने कक्षा आठ तक पढ़ाई की थी। बाद में पिता का हाथ बंटाने के लिए ट्रक चलाता था। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।