उत्तराखण्डः देहरादून से ‘सेक्सटॉर्शन गैंग’ का मास्टरमाइंड गिरफ्तार! लड़कियों के जरिए अमीर कारोबारियों को फंसाकर ऐंठते थे करोड़ों, गोवा पुलिस और उत्तराखण्ड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

Uttarakhand: Mastermind of a sextortion gang arrested in Dehradun! They used girls to trap wealthy businessmen and extort crores of rupees. Goa Police and Uttarakhand Special Task Force (STF) conduct

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बड़े ‘सेक्सटॉर्शन रैकेट’ का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त टीम ने इस हाई-प्रोफाइल गैंग के फरार मास्टरमाइंड सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर गोवा के मापुसा थाना क्षेत्र में एक मुंबई के कारोबारी से करोड़ों रुपये की उगाही करने का आरोप है। वह पिछले तीन साल से फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके साथी खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर अमीर कारोबारियों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उन्हें अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलते थे। आरोपी ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिससे इस पूरे गिरोह के संगठित अपराध की परतें खुलती जा रही हैं।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि गोवा के नॉर्थ गोवा जनपद स्थित मापुसा पुलिस स्टेशन में दर्ज मुकदमे में फरार आरोपी सलमान खान निवासी देहरादून की तलाश लंबे समय से की जा रही थी। गोवा पुलिस ने पहले भी आरोपी के घर पर कई बार दबिश दी थी, लेकिन वह हर बार फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अगस्त 2023 में उसने अपने परिचित इमाद निवासी बेहट, सहारनपुर के साथ मिलकर इस गैंग की शुरुआत की थी। दिल्ली के कालका क्षेत्र निवासी महिला के घर पर उसकी मुलाकात मोहम्मद अयान, मोहम्मद वसीद, फैजान फरजान, यासर, राज चौधरी और हरिद्वार निवासी भुवन अरोड़ा से हुई। यहीं सभी ने मिलकर एक बड़े ‘सेक्सटॉर्शन गैंग’ की साजिश रची।

गैंग की कार्यप्रणाली बेहद शातिराना थी। गिरोह खूबसूरत लड़कियों के जरिए अमीर कारोबारियों और रसूखदार लोगों को टारगेट करता था। पहले सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से संपर्क कर दोस्ती बढ़ाई जाती, फिर मुलाकात के लिए बुलाया जाता। वहां पहले से कैमरे फिट किए जाते और आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिए जाते। इसके बाद गैंग के सदस्य खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर मौके पर पहुंचते और पीड़ित को बंधक बनाकर धमकाते थे। आरोपी ने खुलासा किया कि इसी योजना के तहत मुंबई के एक बड़े कारोबारी को जाल में फंसाया गया। गैंग ने गोवा के नार्थ गोवा स्थित विला हाउस फॉरेस्ट कुचेलिया मापुसा को किराए पर लिया और उसमें गुप्त कैमरे लगाए। तय योजना के अनुसार महिला सदस्य ने कारोबारी को मिलने बुलाया और रात में उसके साथ विला में रुकी। रात होते ही सलमान खान और उसके अन्य साथी विला में घुस आए। उन्होंने खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम बताते हुए कारोबारी को हिरासत में लेने का नाटक किया। इसके बाद अश्लील वीडियो दिखाकर उसकी प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी दी गई।

कारोबारी के साथ मारपीट की गई और करोड़ों रुपये की उगाही की गई। पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद गोवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग की दो अहम सदस्य महिला और भुवन अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। हालांकि गिरोह का सरगना सलमान खान लगातार फरार चल रहा था। उत्तराखंड एसटीएफ को गोवा पुलिस से सूचना मिलने के बाद देहरादून में जाल बिछाया गया। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में कई दिनों तक निगरानी के बाद आखिरकार सलमान खान को दबोच लिया गया। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि इस तरह की कई घटनाओं को गोवा के अलावा अन्य राज्यों में भी अंजाम दिया गया है। अब पुलिस इस गैंग के नेटवर्क, अन्य पीड़ितों और करोड़ों रुपये की अवैध उगाही के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।