उत्तराखण्ड: राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले देहरादून में बड़ा हादसा! लोहे का पिलर गिरा, कांग्रेस नेता अमर सिंह मेहता की मौत

Uttarakhand: Major accident in Dehradun ahead of Rahul Gandhi's event! Iron pillar collapses; Congress leader Amar Singh Mehta dies.

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में मंच और वाटरप्रूफ टेंट लगाने का कार्य चल रहा था, तभी लोहे का एक भारी गार्डर कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी का 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी दौरान क्रेन की सहायता से वाटरप्रूफ टेंट और अन्य ढांचों को स्थापित किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्य के दौरान अचानक लोहे का गार्डर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में अमर मेहता आ गए।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद अमर मेहता को गंभीर अवस्था में सीएमआई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया। हालांकि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने के बाद उनका शव पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह हादसा राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम से ठीक पहले हुआ है, जिससे आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।