उधम सिंह नगर: युवक के साथ बर्बरता! चाकू दिखाकर लूट और कुकर्म, भारी बारिश में धरने पर बैठीं महिलाएं! 24 घंटे का अल्टीमेटम

Udham Singh Nagar: Brutality against a young man! Robbery and sexual assault at knifepoint; women stage a sit-in protest amidst heavy rain! 24-hour ultimatum issued.

नानकमत्ता। उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिडकुल की फैक्ट्री से देर रात ड्यूटी कर घर लौट रहे एक युवक के साथ तीन युवकों द्वारा मारपीट, नगदी लूटने और अप्राकृतिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मुख्य आरोपित मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर खटीमा विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और महिलाओं ने नानकमत्ता कोतवाली में धरना दिया। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार बिसोटा गांव निवासी पवन सिंह सोमवार देर रात सिडकुल स्थित एक कंपनी से अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि मच्छीझाला के समीप पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपितों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी, उनके साथ मारपीट की और जेब में रखी नगदी लूट ली। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने जबरन उनके कपड़े उतरवाए और उनके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दो आरोपितों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मुख्य आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर झनकट निवासी दीपक, मनोज भाटिया तथा बेरिया घाट निवासी गोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपित की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना से नाराज ग्रामीण मंगलवार दोपहर खटीमा विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में नानकमत्ता कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने मुख्य आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिसोटा और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से स्मैक और अन्य मादक पदार्थों का अवैध कारोबार चल रहा है, जिसके कारण अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उनका कहना था कि यदि समय रहते नशे के नेटवर्क पर सख्ती से कार्रवाई की जाती तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था। धरने के दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे। बड़ी संख्या में महिलाएं छाते लेकर धरना स्थल पर डटी रहीं और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती रहीं। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी का स्पष्ट आश्वासन मिलने तक धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। धरने में विधायक भुवन कापड़ी, ग्राम प्रधान जमुना देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दया किशन कॉलोनी, ग्राम प्रधान नरेश सिंह राणा, रेखा राणा, मंजू राणा सहित सैकड़ों ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं। विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से नशे के कारोबार की शिकायतें मिल रही हैं और युवक के साथ हुई यह घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ-साथ नशे के नेटवर्क को भी पूरी तरह ध्वस्त किया जाना चाहिए। नानकमत्ता कोतवाल संजय पाठक ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि फरार मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करने तथा सभी आरोपितों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।