उत्तराखण्डः बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन! नैनीताल के आंगनबाड़ी केन्द्रों में 9 जनवरी तक अवकाश घोषित, आज भी शीत दिवस जैसी स्थिति
नैनीताल। उत्तराखण्ड में ठण्ड का प्रकोप दिनोदिन बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से तापमान में खासी गिरावट देखने को मिल रही है। इस दौरान जहां बर्फीली हवाएं चल रही हैं, वहीं तराई में कोहरे का असर भी देखने को मिल रही है। नैनीताल में भी घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की प्रबल संभावना के दृष्टिगत उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के हित में नैनीताल जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में आगामी 9 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल द्वारा उक्त संबंध में आदेश जारी करते हुए अवगत कराया कि उक्त परिस्थितियों के दृष्टिगत छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में संचालित समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में 5 जनवरी से दिनांक 9 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। जिला अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को निर्देश दिए हैं कि वह उक्त आदेश की सूचना समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे तथा उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। किसी भी प्रकार की शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।
इधर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत, पौड़ी जिले में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया। लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिला। मैदानी इलाकों में कोहरा छाने व शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ गई। साथ ही दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।