उत्तराखण्डः शादी के लिए वंशिका संग देवभूमि पहुंचे क्रिकेटर कुलदीप यादव! मसूरी में लेंगे सात फेरे, जानें कौन हैं होने वाली दुल्हन?
देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने के लिए देवभूमि उत्तराखंड पहुंच गए हैं। शादी से पहले गुरुवार को वह राजधानी देहरादून पहुंचे, जहां क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) कार्यालय में उनका ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। सीएयू से जुड़े पदाधिकारियों ने कुलदीप यादव को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें केदारनाथ मंदिर का प्रसाद भी भेंट किया। कल 13 मार्च को कुलदीप यादव की मेहंदी, हल्दी की रस्में होंगी। इसकी सभी तैयारी पूरी हो गई हैं। वहीं 14 मार्च को उनकी शादी होनी है। जानकारी के मुताबिक 13 और 14 मार्च को मसूरी के प्रतिष्ठित होटल सवोय में शादी समारोह आयोजित होगा। शादी के लिए होटल सवाय को पूरी तरह बुक कर लिया गया है। मेहमानों की सुविधा के लिए यहां करीब 80 कमरे आरक्षित किए गए हैं। होटल परिसर के अंदर ही भव्य मंडप तैयार किया गया है, जबकि संगीत समारोह के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई है। इस शादी में लगभग 200 मेहमान शामिल हो सकते हैं। मेहमानों की सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, युजेंद्र चहल और भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा क्रिकेट जगत और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां भी समारोह में शामिल हो सकती हैं। बता दें कि कुलदीप ने 4 जून 2025 को लखनऊ में एक निजी समारोह में वंशिका से सगाई की थी। कुलदीप और वंशिका की बात की जाए तो दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। दोनों ही मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं, उनकी दोस्ती सालों पहले शुरू हुई और रिश्ता प्यार में बदल गया। वंशिका का जन्म और पालन-पोषण कानपुर के श्याम नगर इलाके में हुआ है। वंशिका वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में अपनी हायर एजुकेशन कंपलीट करने के बाद वहीं नौकरी कर रही हैं।