उत्तराखण्डः राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर जुटी भारी भीड़! बारिश के बीच छात्रों का जोश हाई, डिग्रियों की माला पहनकर पहुंचे युवक ने खींचा सभी का ध्यान
देहरादून। राजधानी देहरादून में शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बहुप्रतीक्षित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कुछ देर बाद आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं और छात्रों से सीधे संवाद करेंगे तथा नीट, सीबीएसई और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। कांग्रेस इस कार्यक्रम को केवल छात्र संवाद नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अपने राजनीतिक अभियान के बड़े मंच के रूप में भी देख रही है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। देहरादून के बन्नू इंटर कॉलेज मैदान में बड़ी संख्या में छात्र और युवा सुबह से ही पहुंचने लगे। लगातार बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ देखने को मिली। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए ढाई लाख से अधिक छात्रों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। राहुल गांधी के संबोधन और संवाद के लिए कार्यक्रम स्थल पर विशेष व्यवस्था की गई है। मंच को इस प्रकार तैयार किया गया है कि राहुल गांधी सीधे छात्रों से बातचीत कर सकें। मंच पर केवल राहुल गांधी मौजूद रहेंगे, जबकि पूरे पंडाल में छात्रों के लिए स्टैंडिंग व्यवस्था की गई है ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकें। कांग्रेस सेवादल के स्वयंसेवकों को छात्रों की सहायता के लिए तैनात किया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर हेल्प डेस्क, क्यूआर कोड के माध्यम से ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण, पर्याप्त पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि राहुल गांधी के साथ संवाद करने को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि केवल पंजीकृत छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। कार्यक्रम से पहले एक ऐसा दृश्य भी देखने को मिला जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पिथौरागढ़ निवासी बेरोजगार युवक मनोज कुमार अपने गले में अपनी शैक्षणिक डिग्रियों की माला पहनकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनका कहना था कि उन्होंने मेहनत से पढ़ाई की, डिग्रियां हासिल कीं, लेकिन आज भी रोजगार नहीं मिल सका। उन्होंने राहुल गांधी से अपनी पीड़ा साझा करने और युवाओं की समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई। युवक की यह अनोखी पहल कार्यक्रम में चर्चा का विषय बन गई। इससे पहले राहुल गांधी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद राहुल गांधी सीधे कांग्रेस के दिवंगत वरिष्ठ नेता अमर मेहता के आवास पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।