ऊधम सिंह नगरः रुद्रपुर में फर्जी दस्तावेज़ों का बड़ा खेल बेनकाब! ट्रांजिट कैंप के जनसेवा सेंटर पर एसटीएफ और पुलिस की छापेमारी, नकली आधार-पैन व शैक्षिक प्रमाणपत्र बनाते युवक गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक बड़ा मामला सामने आया है, यहां पुलिस और एसटीएफ ने ट्रांजिट कैंप इलाके में चल रहे आधार कार्ड सेंटर का पर्दाफाश किया है, जहां पर नकली आधार और पैन कार्ड बनाए जा रहे थे। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जनसेवा सेंटर की आड़ में गैर-कानूनी तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड और एजुकेशनल सर्टिफिकेट बनाए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में नकली डॉक्यूमेंट और सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मछली मार्केट रोड पर मौजूद जनसेवा सेंटर में नकली आधार और पैन कार्ड के साथ-साथ एजुकेशनल सर्टिफिकेट भी बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने शुरू में खुद ही मामले की जांच की। सूचना पक्की होने पर पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स ने जनसेवा सेंटर पर छापा मारा। रेड के दौरान पता चला कि दुकान पर गैर-कानूनी तरीके से नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड और एजुकेशनल सर्टिफिकेट बनाए जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने यूपी रामपुर निवासी 21 वर्षीय चेतन कुमार पुत्र राजपाल को गिरफ्तार किया है। चेतन कुमार वर्तमान में ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र उधम सिंह नगर में रहता है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह च्प्ग्म्स्स्।ठ एप्लीकेशन का इस्तेमाल करके कस्टमर्स के फोटो, नाम और पते एडिट करके नकली डॉक्यूमेंट्स बनाता था। इन डॉक्यूमेंट्स का इस्तेमाल सिडकुल एरिया की कंपनियों में नौकरी पाने के लिए किया जाता था। इधर दुकान और आरोपी के मोबाइल फोन की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट की डिजिटल कॉपी मिलीं। नकली मार्कशीट कंप्यूटर स्क्रीन पर भी बनाई जा रही थीं।