उत्तराखंड:राह में आई ग्लेशियर की दीवार!लगातार बारिश और बर्फबारी के बीच केदारनाथ धाम मार्ग पर टूटा ग्लेशियर!आवाजाही हुई बाधित
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड,हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में बारिश का सिलसिला अभी थमने की उम्मीद नहीं है। इधर केदारनाथ धाम में पिछले एक सप्ताह से लगातार बर्फबारी हो रही है। 25 अप्रैल से केदारनाथ धाम यात्रा शुरू हो जाएगी। आज केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरव गदेरा में ग्लेशियर टूट जाने से पैदल मार्ग का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया और मार्ग में अवरोध पैदा हो गया। ग्लेशियर टूटने से ध्वस्त हुए मार्ग की हालत देखकर वहाँ काम कर रहे मजदूर भी हैरान हो गए। फ़िलहाल पैदल यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों के लिए मार्ग को लगातार साफ किया जा रहा है। बारिश और बर्फबारी के बीच रास्ते को साफ करने और ध्वस्त मार्ग को दुरुस्त करने में मजदूरों को भी खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। क्योंकि जैसे ही मजदूर बर्फ हटाते है वैसे ही पीछे से और बर्फ गिर जाती है ताजी बर्फ से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।

केदारनाथ धाम में मौसम खुलने का नाम नही ले रहा ऐसे में मार्ग भी नही खुल पा रहे है और पुनर्निर्माण कार्यो में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। डीएम मयूर दीक्षित ने मीडिया को बताया कि मौसम केदारनाथ धाम यात्रा में सबसे बड़ी बाधा बन रहा है। पिछले एक हफ्ते से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ धाम मार्ग पर दो जगह ग्लेशियर टूटने से मार्ग ध्वस्त हुआ है साथ ही बर्फबारी के बीच पुनर्निर्माण कार्य भी नही हो पा रहे हैं।मौसम साफ होने के बाद ही बर्फ हटाने का काम किया जाएगा।फ़िलहाल केदारनाथ में हेलीपैड से मशीनों की मदद से बर्फ हटाई जा रही है।