उत्तराखण्डः थराली और बागेश्वर सीमा पर महसूस किए गए भूकंप के झटके! दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
चमोली। उत्तराखण्ड में आज भूकंप के झटके महसूस हुए। जानकारी के मुताबिक थराली सहित बागेश्वर की सीमा से लगे हुए क्षेत्रों में दोपहर बाद 2 बजकर 42 मिनट पर भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। हालांकि यह झटका बहुत कम समय के लिए था। इधर भूकेंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। खबरों के मुताबिक भूकंप का केंद्र बागेश्वर जिले में था। ग्वालदम में इसका अधिक तेज झटका महसूस किया गया।
बता दें कि हाल के दिनों में देश-दुनिया के कई इलाकों में भूकंप की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जानकारों के अनुसार धरती के भीतर 7 टेक्टोनिक प्लेट्स हैं। ये प्लेट्स लगातार अपने स्थान पर घूमते रहती हैं। हालांकि कभी-कभी इनमें टकराव या घर्षण भी होता है। इसी कारण धरती पर भूकंप की घटनाएं देखने को मिलती हैं। इसका सबसे ज्यादा नुकसान आम जनजीवन को उठाना पड़ता है। भूगर्भ विशेषज्ञों के अनुसार भारत के कुल भूभाग के लगभग 59 फीसदी हिस्से को भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। वैज्ञानिकों ने भारत में भूकंप क्षेत्र को जोन-2, जोन-3, जोन-4 व जोन-5 यानी 4 भागों में विभाजित किया है। जोन-5 के इलाकों को सबसे ज्यादा संवेदनशील माना जाता है, जबकि जोन-2 कम संवेदनशील माना जाता है। हमारे देश की राजधानी दिल्ली भूकंप के जोन-4 में आती है। यहां 7 से अधिक तीव्रता के भी भूकंप आ सकते हैं जिससे बड़ी तबाही हो सकती है।