Oct 07, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड: 18 जून से शुरू होगी देहरादून और कुल्लू के बीच सीधी फ्लाइट,शेड्यूल तैयार 

Uttarakhand: Direct flight between Dehradun and Kullu will start from June 18, schedule ready

देहरादून एयरपोर्ट पहली बार पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ने जा रहा है। दून और कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) के बीच आगामी 18 जून से सीधी फ्लाइट शुरू हो जाएगी। विमानन कंपनी एलाइंस एअर का 72 सीटर विमान 18 जून को देहरादून से कुल्लू के लिए सीधी उड़ान भरेगा। शुरुआत में इस विमान को सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को संचालित किया जाएगा। उसके बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने पर उड़ान प्रतिदिन कर दी जाएगी।

18 जून मंगलवार को पहली फ्लाइट कुल्लू से सुबह 8:25 बजे टेकऑफ कर 9:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेगी। यही विमान दून से सुबह 10 बजे कुल्लू के लिए उड़ान भरेगा। एक घंटा 20 मिनट में विमान कुल्लू एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। एलाइंस एअर ने देहरादून से कुल्लू के बीच का एक व्यक्ति का एक तरफ का किराया 3,999 रुपये रखा है। इस फ्लाइट के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है। डीजीएम नितिन कादियान ने कहा कि देहरादून एयरपोर्ट पर वर्तमान में एलाइंस एअर सप्ताह में तीन-तीन दिन अयोध्या, अमृतसर और पंतनगर को अपनी सीधी उड़ानें संचालित कर रही है। कुल्लू के लिए फ्लाइट शुरू होने के बाद एलाइंस एअर चौथे शहर को भी सीधी फ्लाइट से जोड़ देगी। देहरादून एयरपोर्ट पर यह पहला मौका होगा जब हिमाचल प्रदेश के लिए फ्लाइट शुरू होने जा रही है। कुल्लू पर्यटन और तीर्थाटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। देहरादून और कुल्लू के बीच फ्लाइट शुरू होने से दोनों राज्यों के पर्यटन व तीर्थाटन को इसका लाभ मिलेगा।