उत्तराखण्डः अल्मोड़ा में राहुल गांधी की रैली को लेकर कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह! नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य पहुंचे कार्यक्रम स्थल, कुमाऊं भर से पहुंचेंगे कार्यकर्ता

Uttarakhand: Congress leaders are excited about Rahul Gandhi's rally in Almora! Leader of the Opposition Yashpal Arya arrives at the venue, with workers arriving from across Kumaon.

अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के सिमकनी मैदान में आयोजित होने वाली जनसभा के लिए कांग्रेस नेताओं ने रैली स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद होगा और उनके संबोधन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा। रैली स्थल के निरीक्षण के दौरान अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, सल्ट के पूर्व विधायक रणजीत रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डू भोज समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि ‘परिवर्तन का शंखनाद’ नाम से आयोजित यह रैली कुमाऊं क्षेत्र की बड़ी राजनीतिक सभाओं में शामिल होगी। यशपाल आर्य ने कहा कि राहुल गांधी की यह जनसभा ऐतिहासिक साबित होगी और इसमें कुमाऊं भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तथा आमजन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और मौजूदा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, जंगली जानवरों का बढ़ता आतंक, किसानों को फसलों का उचित मूल्य न मिलना तथा भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे गंभीर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों को रैली में प्रमुखता से उठाया जाएगा। यशपाल आर्य ने कहा कि राहुल गांधी का संबोधन उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को नई दिशा देने का काम करेगा। साथ ही जनता की राय को आगामी चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।