उत्तराखण्डः सड़कों पर नमाज को लेकर सीएम धामी का सख्त संदेश! तय स्थान पर ही हो इबादत, व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सड़कों पर नमाज पढ़ने के मुद्दे पर स्पष्ट और सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री धामी ने साफ शब्दों में कहा कि नमाज तय स्थानों पर ही पढ़ी जानी चाहिए और किसी को भी सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड इस समय चारधाम यात्रा के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, ऐसे में सड़कों को किसी भी प्रकार के धार्मिक प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने स्पष्ट कर दिया है कि नमाज हो या कोई अन्य धार्मिक आयोजन, वह निर्धारित स्थान पर ही होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति या समूह को सार्वजनिक व्यवस्था में व्यवधान पैदा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आ रहे हैं। ऐसे में सरकार की पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हर मुद्दे को वोट बैंक की राजनीति के चश्मे से देखते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक व्यवस्थाओं को वोट बैंक से ऊपर उठकर देखना चाहिए और सभी को कानून तथा व्यवस्था का सम्मान करना चाहिए। सीएम धामी ने दो टूक कहा कि हम किसी को भी देवभूमि उत्तराखंड की शांति, संस्कृति और अनुशासन से छेड़छाड़ नहीं करने देंगे। उत्तराखंड की पहचान उसकी आध्यात्मिक विरासत, मर्यादा और सांस्कृतिक गरिमा है, जिसे हर हाल में सुरक्षित रखा जाएगा।