उत्तराखण्डः आफत बनकर बरस रहे मेघ! बागेश्वर में भयानक लैंडस्लाइड, कई जगहों पर बढ़ी दुश्वारियां

बागेश्वर। उत्तराखण्ड में कई जगहों पर बारिश का दौर लगातार जारी है। इस दौरान कुछ स्थानों पर जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है। नदी-नाले उफान पर हैं और कुछ जगहों पर सड़कें भी बाधित हो रही हैं। बागेश्वर में भी बारिश की वजह से कई सड़कें बंद हुई। इसके साथ लैंडस्लाइड का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी दरकती नजर आ रही है। दरअसल बागेश्वर जिले से लैंडस्लाइड का वीडियो सामने आया है, जो कपकोट-मुनार मोटर मार्ग का है। इसमें सड़क पर ऊपर से मलबा गिरता दिख रहा है। मलबा आने से सड़क बाधित हो गई थी, जिसे अब खोल लिया गया है। इसके अलावा कुछ सड़कें भी बाधित हुई हैं।
इधर मसूरी में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद मसूरी-धनोल्टी रोड पर कपलानी के निकट पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिसके साथ के पेड़ भी गिर कर मुख्य मार्ग पर आ गया। जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थानीय लोगों व पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं चमोली के नंदप्रयाग-नंदा नगर मोटर मार्ग मंगरोली के पास भारी मलबा आने से अवरुद्ध हो गया। जिसके चलते सैकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मलबा इतना अधिक है, जिसे हटाने में काफी समय लग सकता है।