रुद्रपुर में दर्दनाक हादसाः सितारगंज हाईवे पर काल बनकर दौड़ा डंपर! बगवाड़ा मंडी के सामने बाइक को रौंदा, मामा-भांजे की दर्दनाक मौत
रुद्रपुर। रुद्रपुर-सितारगंज हाईवे पर शुक्रवार देर रात बगवाड़ा मंडी के सामने तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। ग्राम सहजनी निवासी 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात करीब 10 बजे अपनी बाइक से अपने मामा अक्षय लाल चौहान पुत्र हंसनाथ चौहान को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के ग्राम जुआफर के रहने वाले थे और पांच अक्टूबर को अपने भांजे से मिलने रुद्रपुर आए थे। उन्हें बाघ एक्सप्रेस से वापस अपने घर लौटना था। जैसे ही दोनों बगवाड़ा मंडी के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आए अनियंत्रित डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से कुचल गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मामा अक्षय लाल को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक रोहित के पिता राधेश्याम ने बिलखते हुए बताया कि रोहित सिडकुल की एक निजी फैक्ट्री में काम कर घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। घर का कमाऊ बेटा और रिश्ते में मामा की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। आरोपी डंपर और उसके चालक की धरपकड़ के लिए बगवाड़ा मंडी व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।