उत्तराखण्डः नैनीताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज! कैंचीधाम बायपास, पंचायत सशक्तिकरण और होम-स्टे योजना पर बड़ा ऐलान

Uttarakhand: Cabinet Minister Satpal Maharaj arrives in Nainital! Major announcements on Kainchi Dham bypass, Panchayat empowerment, and home-stay scheme

नैनीताल। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज आज नैनीताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विकास भवन पहुंचकर जहां लोक निर्माण विभाग की 945.99 की 4 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, वहीं लोक निर्माण विभाग की ही 312.13 की एक योजना का लोकार्पण किया गया है। इस प्रकार कुल 1258.12 लाभ रूपये की 5 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलांयास किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायतों को सशक्त करने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण हेतु कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के समस्त जनपदों में नये पंचायत भवनों का निर्माण एवं पुराने पंचायत भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में सड़कों की कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है। अभी तक 14027 नये गांवों को सड़क मार्ग प्रदान कर राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़कर गांवों के विकास के लिये सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के अंतर्गत अब तक पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत किये जा चुके हैं। जबकि 1118 लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन सभागार पहुंचकर जन संवाद किया तथा जनपद में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कैंचीधाम बायपास निर्माण कार्य 15 जून तक पूर्ण कर लिया जाये। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि बायपास में 75 मीटर स्पान के बन रहे पुल में विलम्ब होने की संभावना होने पर अस्थायी रूप से वैलीब्रिज की व्यवस्था करते हुए 15 जून तक हर हाल में बायपास रोड शुरू करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अभियन्ताओं को दिये। उन्होंने जनपद की सड़कों पर दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे यातायात के दबाव को देखते हुए निर्देश दिये कि जनपद की महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण हेतु प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शासन में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों के अनुरूप ही सड़कों का निर्माण किया जाये ताकि अधिक दबाव के कारण सड़कें जल्दी खराब न हों और हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता विशेष ध्यान दिया जाये।

उन्होंने सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि पहाड़ों के विकास में सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने निर्देश दिये कि क्षतिग्रस्त गूलों एवं नहरों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने हेतु शीघ्रता से कार्यवाही करते हुए जिला प्रशासन के सहयोग से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाये। उन्होंने भीमताल के ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू.कटाव को रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने, झीलों, नदियों तथा तालाबों में जमा गाद, सिल्ट आदि को हटाने एवं नदियों को साइंटिफिक तरीके से व आसानी से चैनलाइज करने के लिए आधुनिकतम मशीन खरीदने का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश सिंचाई विभाग के अभियन्ताओं को दिये।