Sep 10, 2026 Login

उत्तराखण्डः हल्द्वानी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन! ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत, चुनाव रणनीति से लेकर संगठन विस्तार तक होगा महामंथन

Uttarakhand: BJP National General Secretary Nitin Navin arrives in Haldwani! He received a grand welcome accompanied by traditional drums; extensive deliberations will be held on everything from elec

हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हल्द्वानी पहुंच गए हैं। हल्द्वानी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। नितिन नवीन यहां भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। हल्द्वानी में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर से भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और संगठन से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। कार्यसमिति के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव और ‘विकसित उत्तराखंड संकल्प प्रस्ताव’ समेत संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में बैठक का दूसरा चरण शुरू हुआ है, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और रणनीति पर व्यापक मंथन होने की उम्मीद है। भाजपा के लिए उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी कर रही है। ऐसे में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को आगामी चुनाव के लिए रणनीति तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की तैयारियों समेत कई मुद्दों पर चर्चा होनी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ संवाद कर चुनावी तैयारियों का जायजा भी लेंगे। 
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगवानी की। इसके बाद कार्यसमिति के द्वितीय सत्र की शुरुआत हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। नितिन नवीन का उत्तराखंड का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह गढ़वाल संवाद कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं। इस बार उनके दौरे का मुख्य फोकस कुमाऊं क्षेत्र में संगठनात्मक संवाद और पार्टी की तैयारियों को गति देना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड प्रवास के दौरान हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति के साथ ही कोर ग्रुप की बैठक भी प्रस्तावित है। इसके अलावा पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में भी नितिन नवीन हिस्सा लेंगे। ऐसे में उनका दो दिवसीय प्रवास केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित नहीं रहने वाला है। एक ओर जहां पार्टी नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर देगा, वहीं दूसरी ओर विभिन्न सामाजिक वर्गों के साथ संवाद के जरिए व्यापक जनसंपर्क को मजबूत करने की कोशिश भी होगी।