उत्तराखण्डः सुरेश राठौर पर बड़ा एक्शन! भाजपा ने 6 साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित, दूसरी शादी को लेकर चल रहे थे विवादों में

देहरादून। भाजपा ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इससे पहले भाजपा ने पूर्व विधायक राठौर को एक नोटिस जारी किया था, जिसमें उनके आचरण और पार्टी की छवि धूमिल करने के आरोपों पर जवाब मांगा गया था। अब पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बता दें कि भाजपा नेता राठौर ने पहली पत्नी और परिवार होते हुए भी एक महिला से प्रेम किया और बाद में विवाह भी कर लिया। जिसका संज्ञान लेकर पार्टी ने उन्हें नोटिस थमाकर सात दिन में जवाब मांगा था। सोशल मीडिया में लंबे समय से पूर्व विधायक और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच विवाद चल रहा था। दोनों ने एक-दूसरे पर मुकदमे भी दर्ज कराए। अब कुछ दिन पहले सहारनपुर में पूर्व विधायक ने उससे शादी कर दूसरी पत्नी का दर्जा दे दिया। इस प्रकरण का वीडियो वायरल हुआ तो पार्टी को छवि धूमिल होने का अहसास हुआ। जिससे शीर्ष नेतृत्व ने पूर्व विधायक को नोटिस जारी कर दिया है।प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने सुरेश राठौर को जो नोटिस भेजा था। उसमें कहा गया कि लंबे समय से उनके अमर्यादित आचरण मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से मिल रहे हैं। इससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। ये गतिविधियां पार्टी की अनुशासनहीनता के दायरे में आती हैं।