उत्तराखण्डः ऑनलाइन गेम की लत ने छीनी युवक की जिंदगी! 40 हजार रुपये हारने के बाद जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

Uttarakhand: An addiction to online gaming claimed a young man's life! After losing 40,000 rupees, he consumed poison and committed suicide, leaving his family in turmoil.

रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की से ऑनलाइन गेमिंग की लत का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सुल्तानपुर क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव निवासी 20 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन गेम में हजारों रुपये हारने के बाद जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय शोएब पुत्र जुल्फिकार सुल्तानपुर कस्बे में चप्पल-जूते की दुकान चलाता था। परिवार को उम्मीद थी कि शोएब कारोबार को आगे बढ़ाएगा और परिवार की जिम्मेदारियों को संभालेगा। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उसने दुकान के लिए नया सामान खरीदने की बात कहकर परिवार से करीब 40 हजार रुपये लिए थे। परिवार को यह भरोसा था कि इन रुपयों से दुकान का कारोबार बढ़ेगा, लेकिन शोएब ने यह रकम ऑनलाइन गेम खेलने में लगा दी और पूरी रकम हार बैठा। रुपये हारने के बाद से शोएब गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा। परिजनों ने उसकी परेशानी को समझने की कोशिश की, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।

बताया गया कि मंगलवार को मानसिक दबाव और तनाव के चलते उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख परिजनों के होश उड़ गए और वे उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई। बुधवार को इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत को लेकर चिंता जता रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस चौकी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।