उत्तराखण्डः नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप! राजधानी दून में जबरदस्त बवाल, हिंदू संगठनों ने आरोपी को पीटा! दुकान में तोड़फोड़ के बाद कोतवाली में हंगामा

Uttarakhand: Allegation of rape of a minor girl! Massive uproar in the capital, Dehradun; Hindu groups beat up the accused! Chaos at the police station following vandalism at the shop.

देहरादून। राजधानी देहरादून में गुरूवार को उस समय खासा बवाल हो गया, जब शहर कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई। दुष्कर्म का आरोप मुस्लिम नाबालिग युवक पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही हिन्दूवादी संगठन भड़क उठे। देखते ही देखते लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और गुस्साए लोगों ने आरोपी पक्ष की दुकान और गोदाम में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोप है कि एक मुस्लिम मकान मालिक के घर में हिंदू परिवार किराये पर रहता है। उनकी एक 14 साल की बेटी है। मकान मालिक के भांजे पर आरोप है कि वह बुधवार रात करीब एक बजे किशोरी को जबरन दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में ले गया और दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी नाबालिग को संरक्षण में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटना से गुस्साए बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों ने आरोपी पक्ष की सौंदर्य प्रसाधन की दुकान और गोदाम में भारी तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान पलटन बाजार में दुकानें बंद कराने का भी प्रयास हुआ। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए मोहल्ले के लोग अपने घर बंद कर अंदर ही दुबक गए। करीब एक घंटे तक आरोपियों के घर के पास हंगामा चलता रहा। दुकान में तोड़फोड़ के बाद आक्रोशित लोग शहर कोतवाली पहुंच गए। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए आनन-फानन में प्रेमनगर, क्लेमेंटटाउन, पटेलनगर समेत कई थानों से पुलिस बल मौके पर बुला लिया गया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों के सामने ही पुलिस के खिलाफ जमकर नारे लगाए और मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि शहर कोतवाली की लक्खीबाग चौकी में मां की ओर से तहरीर दी गई है कि उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ है। पुलिस ने शिकायत का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।