Aug 22, 2026 Login

उत्तराखण्डः देहरादून के पैनेसिया हॉस्पिटल में भीषण आग! एक बुजुर्ग महिला की मौत, दो की हालत गंभीर

Uttarakhand: A massive fire breaks out at Panacea Hospital in Dehradun; an elderly woman dies, two others are in critical condition.

देहरादून। राजधानी देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में एक बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल परिसर में धुआं फैलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों, तीमारदारों तथा अस्पताल कर्मचारियों के बीच चीख-पुकार मच गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग अस्पताल के एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते धुआं अस्पताल के कई हिस्सों में फैल गया। उस समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। धुआं भरते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत राहत-बचाव अभियान शुरू किया और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। अस्पताल स्टाफ, दमकल कर्मियों और पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। आईसीयू में भर्ती सभी छह मरीजों को तत्काल रेस्क्यू कर शहर के अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। हालांकि, इस दौरान धुएं और आग की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई। वहीं दो अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी धुएं के कारण घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही अस्पताल में मौजूद तीमारदारों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग मरीजों को गोद में उठाकर बाहर की ओर भागते दिखाई दिए। अस्पताल के भीतर धुएं का घना गुबार भर जाने से कुछ देर तक कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल के अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी प्रमोद डोबाल ने अस्पताल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसएसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। अस्पताल में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच होगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।