उत्तराखण्डः गुप्तकाशी में अचानक भरभराकर गिरी पहाड़ी! केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा और बोल्डर आने से लगा लंबा जाम, घंटों की मशक्कत के बाद बहाल हुआ यातायात
रुद्रप्रयाग। जनपद के गुप्तकाशी में केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्या धाम के समीप अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। मलबा और बोल्डर आने से कुछ देर के लिए मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गुप्तकाशी स्थित विद्या धाम के पास अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर केदारनाथ हाईवे पर आ गिरे। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं मंदिर मार्ग पर भी जाम की स्थिति बन गई, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि घटना के समय किसी वाहन या व्यक्ति की चपेट में आने की सूचना नहीं है, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और सड़क निर्माण एजेंसी की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे को हटाने का कार्य तत्काल शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। फिलहाल मार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया गया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।