उत्तराखण्डः बागेश्वर में महिला और विधायक के खिलाफ भ्रामक व आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का मामला! आरोपी जगदीश गोस्वामी गिरफ्तार, महिला ने दी थी आत्मदाह की चेतावनी

Uttarakhand: Case of a misleading and offensive video circulated against a woman and an MLA in Bageshwar! Accused Jagdish Goswami arrested; the woman had threatened self-immolation.

बागेश्वर। सोशल मीडिया पर एक महिला के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने तथा स्थानीय विधायक की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कथित भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई दिनों से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम बैजनाथ थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को कपकोट थाना क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जगदीश गोस्वामी ने उसे बदनाम करने की नीयत से सोशल मीडिया पर उसके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक और भ्रामक वीडियो अपलोड किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद 2 अगस्त को धर्मेंद्र सिंह दानू ने भी कपकोट थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि जगदीश गोस्वामी ने सोशल मीडिया पर स्थानीय विधायक के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भ्रामक वीडियो प्रसारित किए, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 352, 353 और 356 के साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66 के तहत भी मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की तीन विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस ने रानीखेत, रामनगर, बिजनौर, हरिद्वार, सहारनपुर और देहरादून सहित कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी प्राप्त किया। इसके अलावा बीएनएसएस की धारा 84 के तहत नोटिस जारी कर उसके घर पर मुनादी कराई गई, ताकि उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत होने का अवसर दिया जा सके। इसके बावजूद आरोपी फरार रहा। लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार शाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बैजनाथ थाना क्षेत्र के पिंगलो बैंड स्थित कंधार तिराहा के समीप यात्री विश्राम गृह के सामने से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन, उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल, मुख्य आरक्षी नवीन कुमार तथा एसओजी के आरक्षी संतोष कुमार और भुवन बोरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पीड़िता ने दिया था 24 घंटे का अल्टीमेटम
बता दें कि अभी हाल ही में कपकोट क्षेत्र की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में महिला ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2024 से कपकोट विधायक सुरेश गड़िया से जुड़े एक कथित अश्लील फोटो के साथ उसका नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर लगातार उसकी छवि धूमिल की जा रही है। महिला ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने पति और दो बच्चों सहित आत्मदाह करेगी। महिला का दावा है कि उसने वर्ष 2024 में इस मामले को लेकर कपकोट थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उसका आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग बंद करने की सलाह दी। वीडियो में महिला ने आरोप लगाया था कि 29 जुलाई की शाम मानीखेत निवासी जगदीश गोस्वामी नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर उसके चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए। वहीं इस मामले में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।