Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः रुद्रपुर में गौ माता रक्षा महासम्मेलन एवं महायज्ञ का भव्य आयोजन! कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया उद्घाटन, कही बड़ी बात

Uttarakhand: A grand Cow Protection Conference and Mahayagna was held in Rudrapur, where Cabinet Minister Rekha Arya inaugurated the event and made a significant statement.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में आज रविवार को गौ सेवा रक्षक संगठन द्वारा गौ माता रक्षा महासम्मेलन एवं महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौ सेवा ही सच्ची मानवता, समाज सेवा और राष्ट्र सेवा का मूल आधार है। कहा कि भारतीय जीवन पद्धति में गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं रही, बल्कि वह सदियों से देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ रही है। आज भी प्रदेश की लाखों महिलाएं और परिवार ऐसे हैं जिनकी आजीविका प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से गौ-आधारित है। उन्होंने कहा कि गाय आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा का भी सशक्त आधार है। कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा गौभक्ति और राष्ट्रभक्ति को सर्वोपरि रखा है और सरकार की सभी विकास योजनाएं इसी वैचारिक आधार पर तैयार की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आर्थिक उन्नति और धर्म दोनों का संतुलन ही समाज को सही दिशा देता है। रेखा आर्या ने दोहराया कि अर्थ और धर्म दोनों समान रूप से आवश्यक हैं और भाजपा की नीति इन्हीं मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल रोजगार नहीं बल्कि सेवा और संस्कृति से भी जुड़ें, तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा। महासम्मेलन में उपस्थित हजारों युवाओं ने गौ रक्षा, गौ सेवा और सामाजिक दायित्व को लेकर संकल्प भी लिया। पूरे वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ की आहुतियां और राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी।