उत्तराखण्डः तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित होंगी प्रदेश की 13 महिलाएं! आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का भी होगा सम्मान, आईआरडीटी सभागार में होगा समारोह

देहरादून। आगामी 4 सितंबर को प्रदेश की 13 महिलाओं को प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया जायेेगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए इस साल प्रदेश भर से कुल मिलाकर 13 महिलाओं का चयन किया गया है। इसके अलावा 33 महिलाओं को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का पुरस्कार दिया जाएगा। यह आयोजन चार सितंबर को आईआरडीटी के सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपनी सामर्थ्य से बढ़कर काम कर रही हैं और उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कई नए आयाम खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी महिलाओं को सशक्त करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस काम में सरकार बिल्कुल भी पीछे नहीं रहेगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का असली काम हमारी आंगनबाड़ी बहनें करती हैं और उन्हें इसका श्रेय मिलना चाहिए।